अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। शिमलापुरी में रहने वाली एक महिला के साथ महिला समेत तीन लोगों ने मारपीट और छेड़छाड़ की। महिला ने पुलिस के पास शिकायत दी लेकिन पुलिस की ढीली कार्रवाई के चलते महिला ने अदालत में शिकायत दर्ज करवा दी। इसके बाद अदालत के आदेश पर थाना शिमलापुरी पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए गए। अदालत के आदेश आने पर थाना शिमलापुरी की पुलिस ने मोहल्ला नानकसर निवासी ज्ञान चंद, दीपक कुमार और गायत्री देवी के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पीड़िता ने पुलिस के पास दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि आरोपियों ने कुछ समय पहले उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की थी। जब वह इसकी शिकायत लेकर पुलिस के पास गई तो पुलिस ने उसकी बात नहीं सुनी। इसके बाद उसने अदालत में अर्जी दाखिल कर दी। इसके बाद न्यायाधीश के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।