लूटपाट करने के 3 आरोपी दबोचे
आरोपियों से चोरी की बाइक और आठ मोबाइल बरामद
तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। चोरी की बाइक पर हथियारों के बल पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने भट्टियां कट के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की बाइक और आठ मोबाइल फोन बरामद किए है। पुलिस ने आरोपी गांव बहादुर के निवासी रजत, बाजीगर डेरा निवासी अविनाश और न्यू करतार नगर निवासी ईशांक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी के वाहन पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते है। आरोपी इलाके में ही किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने आरोपियों से कागजात मांगे तो आरोपी कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने बताया कि बाइक चोरी की है और उन्होंने इलाके से ही चोरी किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों को शुक्रवार अदालत में पेश किया। नहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है कि गिरोह में कितने लोग शामिल है और उन्होंने कितनी लूट की वारदातों को अंजाम दिया है।