आरोपियों को दिए थे चेक, तारीख से पहले ही लगाकर करवाए कैश
मामला दर्ज, आरोपियों का पता लगाने में जुटी थाना सदर की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। एक महिला के बच्चों को विदेश भेजकर उन्हें सेटल कराने का झांसा देकर एक ठग ट्रेवल एजेंट ने नौ लाख रुपये ठग लिए। थाना सदर की पुलिस ने गांव खेड़ी की रहने वाली गुरप्रीत कौर की शिकायत पर चंडीगढ़ के सेक्टर-54 की रहने वाली हरमन, न्यू प्रताप नगर अमृतसर निवासी जसपाल सिंह, एसएएस नगर स्थित गो अब्रोड सर्विस ऑफिस की अनिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गुरप्रीत कौर की ओर से पुलिस के पास दर्ज करवाई गई शिकायत के मुताबिक वह अपने बच्चों को विदेश में भेजकर सेटल कराना चाहती थी। आरोपियों के साथ उसकी मुलाकात हुई। आरोपियों ने उसके दोनों बच्चों को विदेश भेजने का झांसा दिया और कहा कि वह उन्हें वहां नौकरी दिलवाकर सेटल भी करा देंगे। आरोपियों के साथ उसका नौ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। उसने आरोपियों को नौ लाख रुपये के अलग-अलग तारीखों के चेक दे दिए लेकिन आरोपियों ने समय से पहले ही चेक बैंक में लगाकर कैश करवा लिए। उसके बाद उन्होंने टाल मटोल शुरू कर दिया। जब पीड़ित महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें धमकियां देनी शुरू कर दी। इसके बाद गुरप्रीत ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस की जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने कहा कि आरोपी अभी फरार हैं उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।