पत्नी को छेड़ने से रोकने पर तेजधार हथियार से हमला
पीड़ित अस्पताल में भर्ती, आरोपी पर मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
पत्नी का पीछा करने से रोकने पर एक व्यक्ति को उसके पड़ोसी ने मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। थाना डिविजन सात की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मिथलेश पटेल के खिलाफ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके घर के पास ही रहता है। वह बीते कुछ दिनों से उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था। उसने आरोपी को काफी समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह बाज नहीं आ रहा था। इस वजह से उसकी आरोपी के साथ पहले भी कहासुनी हो चुकी है। सोमवार को उसकी पत्नी सब्जी मंडी गई थी तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने आरोपी को रोकना चाहा तो उसने तेजधार हथियार से उस पर वारकर बुरी तरह से घायल कर दिया। पीड़ित को एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जांच अधिकारी ने कहा कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।