रंजिश में युवक की धुनाई कर किया अगवा
लुधियाना। पुरानी रंजिश के चलते कोचर मार्केट के लेबर कालोनी इलाके में कुछ युवकों ने एक दुकान पर हमला कर वहां मारपीट की और युवक को अगवा कर फरार हो गए। युवक के साथी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन पांच के अधीन आती चौकी कोचर मार्केट की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अगवा किए युवक को छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में लेबर कालोनी के बलबीर सिंह की शिकायत पर मनप्रीत सिंह, दीपू भट्टी, करण, काका, पुरी, सिद्धू, लक्की, अतुल के खिलाफ मारपीट और अगवा का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।