मिठाई देने के बहाने आए, छह लाख लूटकर फरार
कुछ ही मिनटों में तीन लुटेरों ने दिया वारदात को अंजाम
सीसीटीवी कैमरे में आरोपी कैद, जांच में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बेटा होने की खुशी में मिठाई देने का बहाना बना शिमलापुरी स्थित टेलर के घर में घुसे लुटेरा गिरोह के तीन सदस्यों ने दिनदहाड़े छह लाख रुपये लूट लिए। लुटेरे हथियार के बल पर कुछ ही मिनटों में पैसों से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
माडल टाऊन स्थित एक रेडीमेड शोरूम में बतौर टेलर का काम करने वाले जगन्नाथ के बेटे प्रिंस ने बताया कि उसकी मां और दादी घर में थी। वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। दोपहर ढाई से तीन बजे के बीच तीन युवक घर के बाहर आए। उन्होंने घर के बाहर लगी डोर बेल बजाई। इस पर अंदर से पिता जगन्नाथ बाहर आए। लुटेरों ने उनसे कहा कि वह उनके बेटे प्रिंस के दोस्त हैं। उनके घर बेटे ने जन्म लिया है, जिसकी खुशी में वह मिठाई का डिब्बा देने के लिए आए है।
जगन्नाथ तीनों को अंदर लाए और पानी लेने के लिए चले गए। इसी दौरान हथियारों से लैस तीनों लुटेरों ने उन्हें घेर लिया और प्रिंस की दादी के कमरे में पहुंच गए। वहां बेड के नीचे छह लाख रुपये से भरा बैग उठाया और फरार हो गए। प्रिंस के अनुसार लुटेरों ने कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। प्रिंस के अनुसार लूट की वारदात को अंजाम देने वाले उनके बारे में पूरी जानकारी लेकर आए थे। लुटेरों को यह भी पता था कि पैसे कहां हैं, जिस कारण वह सीधे पैसे वाली जगह पर ही गए और उन्होंने कुछ भी नहीं छेड़ा। उन्होंने कहा कि इतनी जानकारी तो उनके कुछ रिश्तेदारों को है, जिनके बारे में उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी है। एडीसीपी सुरेंद्र लांबा का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे जांचे जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।