दोस्ती कर मांग में भरा सिंदूर, शादी से इंकार
पीड़ित युवती की ईमेल आईडी हैक कर भेजे अश्लील मैसेज और किया ब्लैकमेल
केस दर्ज होने पर फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी थाना माडल टाऊन की पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बेबे नानकी रोड पर रहने वाली एक युवती की माडल टाऊन इलाके मेें रहने वाले एक युवक के साथ दोस्ती हो गई। उसके बाद मिलना जुलना शुरू हो गया। एक दिन आरोपी ने उसकी मांग में सिंदूर भरते की वीडियो बनाया और उससे शादी के वादे किए। जब पीड़ित युवती ने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने साफ तौर पर मना कर दिया। उसके बाद आरोपियों ने पीड़ित युवती की ईमेल आईडी हैक कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद पीड़िता की शिकायत पर माडल टाऊन के रहने वाले प्रतीक खन्ना और न्यू शिवाजी नगर निवासी दीक्षित अरोड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक 2015 में उसकी मुलाकात आरोपी प्रतीक के साथ हुई थी। दोनों की आपस में दोस्ती हो गई। प्रतीक ने अपने दोस्त के साथ उसे मिलवाया। दोनों की मुलाकात का दौर काफी बढ़ गया। वह दोनों साथ घूमने के अलावा रेस्तरां भी जाने लगे। एक दिन एक रेस्तरां में आरोपी प्रतीक ने उसकी मांग में सिंदूर भरा और उससे शादी करने के वादे किए। प्रतीक के दोस्त दीक्षित अरोड़ा ने इसका वीडियो भी बनाया। जब उसने आरोपी से शादी करने की बात की तो आरोपी ने साफ तौर पर मना कर दिया और उसकी ई मेल आईडी हैक कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसके बाद पीड़ित युवती ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभी फरार है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।