एएसआई आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
मानसा विजिलेंस की टीम ने की कार्रवाई, मारपीट के केस में कार्रवाई के लिए मांगे थे पैसे
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। मानसा विजिलेंस ब्यूरो ने बठिंडा के थाना रामा में तैनात एक एएसआई को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ सरकारी गवाहों के सामने गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो ने विभाग के बठिंडा स्थित थाने मेें आरोपी एएसआई गुरदेव सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा के एसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि बठिंडा के गांव कोटबख्तू निवासी गुरनैब सिंह ने अपने ही भाई हरनेक सिंह के खिलाफ 28 जून को मारपीट का केस थाना रामां में दर्ज करवाया था। जिसकी जांच एएसआई गुरदेव सिंह कर रहा था। एसपी ने बताया कि इस मामले में एएसआई आरोपी पर कार्रवाई करने के लिए गुरनैब सिंह से दस हजार रुपये बतौर रिश्वत मांग रहा था। मामला आठ हजार रुपये में तय हो गया। जिसके बाद गुरनैब सिंह ने सूचना विजिलेंस ब्यूरो के पास दी। एसपी ने बताया कि विजिलेंस मानसा के इंस्पेक्टर सतपाल की अगुवाई में टीम ने वीरवार को एएसआई गुरदेव सिंह को गुरनैब से आठ हजार रिश्वत लेते सरकारी गवाहों के सामने गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला सामने आते ही एसएसपी ने आरोपी एएसआई को सस्पेंड करने के दिए आदेश : पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि उक्त एएसआई गुरदेव सिंह को विजिलेंस की तरफ से गिरफ्तार किए जाने का मामला जैसे ही जिले के एसएसपी नवीन सिंगला के ध्यान में आया तो उन्होंने कार्रवाई करते हुए आरोपी एएसआई को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए हैं।