मोबाइल लूटने में दो काबू, एक फरार
आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 मोबाइल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
हथियारों के बल पर प्रवासी मजदूरों से मोबाइल फोन लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सीआईए टू की पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने आरोपियों को जमालपुर की पुलिस कालोनी के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने राम नगर के रहने वाले दविंदर सिंह उर्फ ज्ञानी और मोहल्ला कुणाल नगर निवासी हरविंदर सिंह उर्फ पप्पी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियो को शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथी जमालपुर की 33 फुटा रोड स्थित दीप कालोनी के रहने वाले प्रीतम सिंह उर्फ भोलू की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार त्रिकोणा पार्क के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस लाइन की तरफ किसी को चोरी और लूट के मोबाइल फोन बेचने के लिए जा रहे है। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद आरोपियों को घेर लिया। आरोपी भोलू पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से 25 फोन बरामद किए। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी नशा करने के आदी है और नशे के लिए ही मजदूरों से मोबाइल फोन लूट कर सस्ते भाव में बेच देते थे। आरोपियों के पास जो पैसे इकट्ठे होते थे, उसका नशा करते थे।