किराए के ऑटो पर करते थे लूट, दो गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अकेली सवार को बनाते थे निशाना
आरोपियों से चोरी में इस्तेमाल दो ऑटो और अन्य सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से सवारियों को बैठाकर लूट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल दो ऑटो भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ मोनू और रणजीत सिंह उर्फ बिल्ला के तौर पर हुई है। वहीं पुलिस उक्त आरोपियों के एक साथी प्रदीप कुमार को पहले पकड़ जेल भेज चुकी है। अब उनके चौथे साथी दीपक की तलाश कर रही है।
एसएचओ विनोद कुमार ने बताया कि 14 अप्रैल को जसप्रीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। इसमें उससे ऑटो गैंग ने उससे 2200 रुपये लूट लिए थे। इस मामले पहले पुलिस प्रदीप कुमार को काबू कर चुकी है। उससे पूछताछ में पुलिस को उक्त आरोपियों के नाम सामने आए। इस पर चौकी बस स्टैंड के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने नाकाबंदी के दौरान कुलदीप सिंह और रणजीत सिंह को काबू किया है। एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि उक्त आरोपी नशे के आदी हैं। इसमें रणजीत सिंह पर पहले भी लूट, चोरी और नशे के तीन मामले दर्ज हैं। दो माह पहले कुलजीत और रणजीत ने अपने दो साथी प्रदीप और दीपक के साथ मिल कर जसप्रीत से पैसे लूटे थे। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।