ऑटो चालक ने सवारी से की लूटपाट
मोबाइल और नकदी लूट कर आरोपी धक्का देकर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। ऑटो में बैठी सवारियों से लूटपाट करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को ऑटो चालक और उसके एक साथी ने सवारी से ढंढारी कलां इलाके में लूटपाट की। आरोपी हथियार के बल पर सवारी से उसका मोबाइल फोन और उसके पैसे लूट कर फरार हो गए। इस मामले में शेरपुर कलां के रहने वाले धीरज कुमार ने थाना साहनेवाल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने धीरज की शिकायत पर ऑटो चालक लाल और उसके दोस्त स्वर्ण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
धीरज कुमार की ओर से पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक 22 मार्च को उसने ढंढारी कलां से अपने घर जाने के लिए ऑटो लिया था। आरोपी लाल ऑटो चला रहा था। जबकि आरोपी स्वर्ण ऑटो में बैठा था। जब वह प्रधान कंडे के पास पहुंचे तो आरोपियों ने अचानक ऑटो रोक लिया और हथियार के बल पर उसका मोबाइल और पैसे लूट कर उसे धक्का देकर फरार हो गए। उसने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की। लेकिन वह नाकाम रहा। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी अभी फरार है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।