अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। घंटाघर के पास सड़क के बीचोंबीच फुटपाथ के पास बैठे एक भिखारी पर पुलिस मुलाजिमों ने कार चढ़ा दी। कार रोकने की बजाय मुलाजिम कार को आगे बढ़ाते गए। लोगों के शोर मचाने पर मुलाजिमों ने कार रोकी। कार से उतर कर पुलिस मुलाजिमों ने भिखारी को पीटना शुरू कर दिया। मुलाजिमों ने कहा कि वह नशा करके सड़क के बीच बैठा है। जब वहां मौजूद लोगों ने उनका वीडियो बनाया तो पुलिस मुलाजिम कार लेकर फरार हो गए। काफी समय तक भिखारी वहां तड़पता रहा। कोई भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। थाना कोतवाली के एसएचओ इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।