पुलिस वर्दी में आया आरोपी टिक्का भी गिरफ्तार
टाइल शोरूम लूट मामले में पूछताछ में दो और आरोपियों के नाम सामने आए
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। कृष्णा सेरेमिक टाइलों के शोरूम पर हुई लूट का मामले में आरोपी मनकोमल के पकड़े जाने के 15 दिनों बाद पुलिस वर्दी में आया आरोपी टिक्का भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। हालांकि, टिक्का से पुलिस को अभी तक कोई रिकवरी नहीं हुई है। उससे पूछताछ में अन्य दो और आरोपियों समाना के रहने वाले जीता और सुखा के नाम सामने आए है। टिक्का को पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर जतिंदर कुमार ने बताया कि 19 जून को एक आरोपी मनकोमल सिंह को बठिंडा से काबू किया गया था। उसने पूछताछ में टिक्का का नाम लिया था, जोकि पुलिस वर्दी में था। टिक्का, मनकोमल का भाई है, और उसे ही मास्टर माइंड बताया जा रहा है। उसकी तलाश चल रही थी। टिक्का के बारे में सूचना मिली और उसे काबू कर लिया गया। अभी आरोपी से पूछताछ में सिर्फ यही पता चला है कि पुलिस की वर्दी उसे जीता ने लाकर दी थी। अब पुलिस आरोपी जीता और सुक्खा को ढूंढ रही है। पुलिस का कहना है कि शोरूम मालिक इस वारदात में 6.50 लाख का नुकसान बता रहे थे, लेकिन आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि लूट 20 लाख से ऊपर की थी। अभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है।
यह है मामला :
14 जून को कृष्णा सेरेमिक टाइल शोरूम में वीरवार दोपहर काले रंग की स्कोडा पर चार लुटेरे आए। एक ने पंजाब पुलिस की वर्दी पहनी हुई थी। आरोपी खुद को सीआईए का बता कर शोरूम से 6.50 लाख कैश लूट ले गए। जाते हुए लुटेरे शोरूम के अंदर बैठे वर्कर अनिल का मोबाइल और दूसरे व्यक्ति धर्मेश को साथ ही ले गए। इसके बाद पखोवाल रोड, पासी नगर के पास धर्मेश के दोनों मोबाइल लेकर उसे रास्ते में फेंक कर फरार हो गए थे। धर्मेश ने आरोपियों की स्कोडा का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था। पुलिस ने धर्मेश के बयानों पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट, अपहरण और अलग-अलग धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया था। जांच के दौरान पुलिस को बठिंडा से वारदात में इस्तेमाल स्कोडा कार बरामद हुई और आरोपी मनकोमल सिंह पकड़ा गया। उसने पुलिस को बताया था कि वर्दी में आया व्यक्ति उसका भाई टिक्का है। उसने यह भी बताया कि लूट के 6.50 लाख में से उसे 5 लाख मिले थे। उन पैसों में से उसने 2.50 लाख रुपये बैंक खाते में जमा करवा दिए थे। बाकी 2.50 लाख रुपये उसने मुथूट फाइनेंस में जमा करवाकर घरवालों के गिरवी पड़े गहने छुड़वा लिए थे। यह पता चलने के बाद लुधियाना पुलिस ने आरोपी मनकोमल सिंह के बठिंडा में सभी बैंक अकाउंट सील करवा दिए थे।