15 हजार की रिश्वत लेता पटवारी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर।
जमीन का तबादले करने के एवज में रिश्वत मांगने वाले पटवारी को विजिलेंस ब्यूरो संगरूर की टीम ने 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो संगरूर के डीएसपी हंसराज ने बताया कि कुलवंत सिंह वासी धंदीवाल की दादी तेज कौर के नाम छह बीघा जमीन गांव बुगरा में है। मुदई के भाई के साले परमप्रीत सिंह निवासी बुगरा के नाम छह बीघे जमीन गांव धंदीवाल में है। मुदई की दादी के नाम जमीन गांव धंदीवाल का तबादला मुदई के भाई के साले परमप्रीत सिंह की जमीन गांव बुगरा से करवाने संबंधी वह संबंधित पटवारी जसपाल सिंह से मिले। उन्होंने जमीन का तबादला करने के सभी दस्तावेज लाने के लिए कहा। मुदई ने तबादले से संबंधित दस्तावेज तैयार करके पटवारी जसपाल सिंह को दे दिए। इसके बाद पटवारी ने इसके बदले पंद्रह हजार रुपये रिश्वत के मांगे। इसके बाद कुलवंत सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग को दी। इसपर कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने उक्त पटवारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया। विभाग ने पटवारी जसपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।