युवती की हत्या कर शव कंबल में लपेटकर फेंका
शव के हाथ पैर बंधे हुए थे, पुलिस ने शव को कब्जे में ले की कार्रवाई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
जिले के गांव जोधपुर जस्सी रोड पर वीरवार को कंबल में लिपटा युवती का शव सड़क से मिलने पर आस पास के गांव में सनसनी फैल गई । जिस की सूचना मिलने पर पहुंची थाना कोटफत्ता पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर समाजसेवी संस्था की सहायता से सिविल अस्पताल के डेड हाउस में पहुुंचाया और मृतक युवती की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
इस संबंधी बातचीत करते हुए थाना कोटफत्ता प्रभारी राजिंदरपाल सिंह ने बताया कि वीरवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव जोधपुर जस्सी रोड पर एक युवती का शव दो कंबलों में लिपटा हुआ सड़क पर पड़ा है। जिसके बाद वह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र की जांच की। उन्होंने बताया कि युवती की आयु करीब तीस वर्ष लगती है और उसके शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं है। उन्होंने बताया कि किन्हीं अज्ञात लोगों की ओर से युवती की हत्या योजनाबद्ध तरीके से कर उसके शव को रजवाहे के पास सड़क पर फेंका है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है और शव के शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के दोनों पैर बांधे हुए थे। पुलिस को मौके पर से शव के पास कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली, जिससे युवती की शिनाख्त हो सके। न ही पुलिस के हाथ ऐसा कोई सुराग लगा जो उसे कातिलों तक ले जाए।
गला दबाकर या जहर देकर हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार युवती का शव देखने से प्रतीत होता है कि या तो उसकी गला दबाकर या फिर जहर देकर हत्या की गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि उक्त मामला युवती की शिनाख्त के बाद और पोस्टमार्टम के बाद साफ हो जाएगा। इसके बाद ही हत्या के असली कारणों के बारे में पता चल सकेगा।