सभी केंद्र
घर में सो रहे बजुर्ग की तेजधार हथियारों से हत्या
पुरानी रंजिश में बाप बेटों ने किया हमला, मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
जिले के गांव कराडवाला में शुक्रवार देर रात्रि पुरानी रंजिश के चलते कुछ व्यक्तियों ने एक बजुर्ग की उसके घर में दाखिल होकर हत्या कर दी । घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए । घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर रामपुरा की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक महिंदर सिंह की बेटी के बयान पर पड़ोसी तीन लोगों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिंदर सिंह अपने परिवार समेत गांव कराडवाला के बाहरी क्षेत्र में स्थित अपने खेतों में बने घर अंदर रहता था और वहीं उसके पड़ोस में सुखदेव सिंह भी रहता था। कुछ समय पहले दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। जिस का पंचायती तौर पर समझौता हो गया, लेकिन उस झगडे़ को लेकर सुखदेव सिंह अपने पड़ोसी महिंदर सिंह से रंजिश रखता था। जिसके चलते वह शुक्रवार को अपने लड़के हरदीप सिंह और गुरदीप सिंह के साथ महिंदर के घर में दाखिल हो गया। जहां पर एक कमरे में सो रहे महिंदर सिंह पर आरोपियों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। महिंदर की चीख सुनकर साथ वाले दूसरे कमरे में सो रही उसकी पत्नी सरबजीत कौर मौके पर आई तो आरोपी उसे देखकर मौके से फरार हो गए। थाना सदर रामपुरा पुलिस के एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रामपुरा में भेजने के बाद मृतक की बेटी और पत्नी के बयान पर पड़ोस के तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।