नंगल में रहता है पीड़ित, लुधियाना में दिलानी थी सरकारी नौकरी
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश में जुटी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। डीसी रेट पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त से डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। जब व्यक्ति को पता चला कि कोई नौकरी नहीं मिलेगी तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस की ओर से जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने रोपड़ के गांव भोटे निवासी गुरबचन चंद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह मामला खुड मोहल्ला निवासी पवन की शिकायत पर दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डीसी रेट पर बतौर प्लंबर तैनात हैं। वह भी नौकरी करना चाहता था तो आरोपी ने उसे झांसे में लिया कि उसकी काफी जान पहचान है। वह उसे नौकरी लगवा देगा। डीसी रेट पर नौकरी लगने के लिए आरोपी ने उससे डेढ़ लाख रुपये ले लिए। बाद में आरोपी ने टाल मटोल शुरू कर दी। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने साफ तौर पर जवाब दे दिया। इसके बाद पवन ने इसकी शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों को दी। पुलिस की ओर से मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। जांच अधिकारी एएसआई जिंदर लाल ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।