लूटपाट गैंग के दो सदस्य काबू
आरोपियों के कब्जे से एक सिलेंडर, विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
बाइक पर सवार हो लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के दो सदस्यों को थाना डिविजन सात की पुलिस ने वर्धमान चौक के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सिलेंडर, विभिन्न कंपनियों के आठ मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है।
पुलिस ने इस मामले में बाबा थान सिंह चौक के पास स्थित अंबेदकर नगर के रहने वाले परमवीर सिंह और शिवाजी नगर निवासी तरनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक इलाके में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूटपाट करने के आदी है और इलाके में घूम रहे है। दोनों किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने आरोपियों को वर्धमान चौक के पास गिरफ्तार कर दोनों के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी इलाके में देर रात को प्रवासी मजदूरों को रोक कर उनसे लूटपाट करते और फरार हो जाते। आरोपियों ने इलाके से कई वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि उनके गिरोह में कितने लोग शामिल है।