छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने की धमकी देकर ऐंठे हजारों रुपये
पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार पर किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा।
जिले की रामपुरा मंडी में एक महिला अपने गिरोह के बाकी सदस्यों के साथ मिलकर एक व्यक्ति को बहाने से अपने घर ले गई, जहां उस पर छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने की धमकी देकर हजारों रुपये ऐंठ लिए। घटना के बाद पीड़ित जवाहर लाल निवासी गांव चाऊके जिला बठिंडा ने रामपुरा पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस ने आरोपी महिला परमजीत कौर, बलवीर सिंह और एक अज्ञात महिला व पुरुष पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित जवाहर लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते दिन महिला परमजीत कौर उसे अपने घर यह कहकर ले गई कि बलवीर सिंह ज्यादा बीमार है, उसे अस्पताल ले जाना है। जिसके चलते वह कार पर महिला के साथ उसके घर चला गया, जहां पर पहले से ही मौजूद बलवीर सिंह व एक अन्य महिला व पुरुष ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और उस पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने का केस दर्ज कराने की धमकी देकर उससे करीब चालीस हजार रुपये ऐंठ लिए। उसने बताया कि आरोपियों को पैसे देने के बाद वह किसी तरह उनकी चंगुल से निकलकर घर पहुंचा। इस संबंध में थाना रामपुरा सिटी के सहायक थानेदार सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी महिला परमजीत कौर, बलवीर सिंह, दो अन्य महिला एवं व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज कर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद असलियत सामने आएगी ।