बिना तलाक दिए की दूसरी शादी, केस दर्ज
लुधियाना। पहली पत्नी को बिना तलाक दिए मोहाली के रहने वाले एक व्यक्ति ने दूसरी शादी कर ली। इतना ही नहीं आरोपी युवक की दो साल की बेटी भी है, लेकिन उसने किसी को कुछ पता ही नहीं चलने दिया। जब नवविवाहिता को इस बात का पता चला तो वह अपने पति का घर छोड़ मायके में रहने के लिए आ गई। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने गांव बाजड़ा की रहने वाली अंतरप्रीत कौर की शिकायत पर उसके पति मोहाली के रहने वाले लवप्रीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के पास दर्ज कराई गई अंतरप्रीत कौर की शिकायत के मुताबिक उसकी शादी आरोपी लवप्रीत के साथ आठ मार्च 2017 को हुई थी। आरोपी पहले से शादीशुदा था। उसने इस बारे में न तो उसे और न ही उसके घर वालों को बताया। शादी को कुछ समय बीत गया और पता चला कि आरोपी लवप्रीत की दो साल की बेटी भी है। उसने इस बारे में अपने पति से बात की तो आरोपी ने कुछ जवाब नहीं दिया।
कुछ समय बाद वह अपने पति से अलग होकर अपने परिजनों के पास आ गई। उसने परिजनोों को सारी बात बताई। इसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। पुलिस ने मामले की जांच में आरोप सही पाए। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।