गोदाम में मुलाजिमों ने की चोरी, केस
अमूल कंपनी के गोदाम में काम करते थे दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। गांव भट्टियां स्थित अमूल कंपनी के गोदाम में काम करने वाले दो लड़कों ने ही सामान चोरी कर बेच दिया। इस बात का खुलासा उस समय हुआ जब कंपनी की तरफ से चेकिंग के लिए आई ऑडिट टीम ने चेक किया। गोदाम मालिक अमन कुमार की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने आशीष कुमार और सुरिंदर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अमन कुमार के मुताबिक उन्होंने अमूल की डिस्ट्रीब्यूटरशिप ले रखी है। कंपनी की तरफ से दोनों मुलाजिम काम करते थे और कंपनी की तरफ से सामान गिन कर रखा जाता था और आगे सप्लाई के लिए भेजा जाता था। दोनों आरोपी धीरे धीरे कर गोदाम से सामान चोरी कर बेच रहे थे। इस बात का पता किसी को नहीं चलने दिया जा रहा था। कंपनी की टीम चेकिंग के लिए पहुंची तो पता चला कि गोदाम से करीब 8 लाख 16 हजार 85 रुपये का सामान कम निकला।
जब नौ तारीख को दोबारा टीम ने चेकिंग की तो दो लाख 97 हजार 203 रुपये का सामान ओर कम निकला। जांच की गई तो पता चला कि सामान दोनों आरोपियों ने चोरी किया है। इसके बाद अमन ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई ज्वाला प्रसाद ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। दोनों की तलाश में छापामारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।