किसान की हत्या आरोपी भतीजी से करते रहे दुष्कर्म
गर्भवती होने पर दी पुलिस के पास शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बठिंडा। जिले के थाना नथाना के तहत आते एक गांव में किसान की हत्या के आरोपी उसकी भतीजी से एक साल से दुष्कर्म कर रहे थे। इस संबंध में पीड़िता गर्भवती हो गई तो उसने गांव वालों और किसान यूनियन की सहायता से थाना नथाना पुलिस के पास पटवारी जगजीत सिंह और सहायक जग्गा सिंह के खिलाफ बुधवार देर रात शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया। एसएसपी नानक सिंह का कहना था कि मेडिकल रिपोर्ट के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया आरोपी जग्गा सिंह उनके घर में ही रहता था के पास पटवारी जगजीत सिंह का आना जाना था। इसी दौरान पटवारी ने उस पर बुरी नजर रखनी शुरू कर दी। करीब एक साल पहले वह अपने सहायक जग्गा सिंह के साथ मिलकर बठिंडा स्थित अपनी कोठी में ले गया। जहां दोनों ने बार बार उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे धमकियां दी थी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे व उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा। शिकायत में पीड़िता ने बताया कि जब वह गर्भवती हो गई तो उसने अपने परिजनों को सारी बात बताई। बुधवार देर शाम पीड़िता ने अपने परिजनों व किसान यूनियन की सहायता से पुलिस के पास दोनों आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसएसपी नानक सिंह का कहना था कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद उसका मेडिकल करवाया है, रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा। बता दें कि हत्या के मामले में दोनों आरोपी जेल में बंद हैं।