रिंकल हत्याकांड : दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
केस की रिपोर्ट लेने के लिए लुधियाना आ रहे थे दोनों आरोपी
दोनों आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में जुटी है पुलिस
पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर काली पट्टी बांध प्रदर्शन को पहुंचे परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। भाजपा समर्थक रिंकल खेड़ा को घर में घुस कर मौत के घाट उतारने के मामले में सीआईए वन की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जालंधर बाईपास के पास गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी जालंधर के गैंगस्टर बताए जा रहे है। दोनों आरोपी केस की रिपोर्ट लेने के लिए लुधियाना किसी व्यक्ति से मिलने के लिए आ रहे थे। आरोपियों की पहचान जालंधर के गांव लोहारा निवासी सुखदीप सिंह उर्फ्र दीपा और रामा मंडी के पास जसवंत नगर में रहने वाले विशाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में बुधवार को पेश किया। जहां से दोनों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर बाकी के फरार आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस मामले में पुलिस कांग्रेसी पार्षद गुरदीप सिंह नीटू के बेटे सन्नी को गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार को रिंकल के परिजन भी पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे थे। जिन्होंने पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह गिल से मुलाकात कर अपनी कुछ मांगे रखी है। जिन्होंने उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया है।
रिंकल खेड़ा हत्याकांड में पुलिस अधिकारियों द्वारा बनाई गई एसआईटी के इंचार्ज डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अश्वनी कपूर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सुखदीप और विशाल लुधियाना में किसी व्यक्ति से मिलने के लिए आ रहे है। दोनों रिंकल हत्याकांड की जांच कहां तक पहुंची और केस के बारे में पता करने के लिए आ रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जालंधर बाईपास के पास नाकाबंदी के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ जालंधर में भी मामले दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी हुई है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले बाकी के आरोपी कहां है। डीसीपी ने कहा कि आरोपी पुलिस रिमांड पर है। उनसे पूछताछ के बाद ही सारे राज खुलकर सामने आएंगे।
पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे रिंकल के परिजन
रिंकल खेड़ा के परिजनों ने काली पट्टियां बांध कर बुधवार को पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। रिंकल के भाई मनी खेड़ा ने बताया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह से मुलाकात की और उनसे मांग की है कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी सन्नी का चालान जल्द से जल्द कोर्ट में पेश किया जाए। पार्षद गुरदीप सिंह नीटू को गिरफ्तार करने के साथ साथ इस मामले में जो गवाह है उनकी सुरक्षा को सुनिश्चत किया जाए। मनी खेड़ा ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि इस हत्याकांड में दो ओर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है जिन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मनी खेड़ा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने उन्हें आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के अंदर अंदर उनकी मांगे मान ली जाएगी। मनी ने कहा कि अगर पुलिस ने उनकी मांगे नहीं मानी तो वह डीजीपी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेंगे।