चोरी के वाहन बेचने वाला गिरोह काबू
जगरांव (लुधियाना)। बेट इलाके की पुलिस ने मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चोरी करके उन पर फर्जी नंबर लगा कर बेचने वाले पांच सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह में दो सगे भाई भी शामिल हैं। आरोपी सिंधवा बेटी एवं फिरोजपुर इलाके के निवासी हैं। पुलिस चौकी भूंदड़ी के प्रभारी सुखमिंदर सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि इलाके में वाहनों पर फर्जी नंबर लगा कर बेचने वाला गिरोह सक्रिय है। गैंग के सदस्य इलाके में ही हैं, सूचना मिलने पर पुलिस ने आलीवाल चौक के पास नाकाबंदी कर ली। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके उनको काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अंग्रेज सिंह, जरनैल सिंह, बेहड़ सिंह, सुखविंदर सिंह, जसविंदर सिंह शामिल हैं। पुलिस इनसे चोरी के वाहनों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।