लुधियाना पुलिस को सोमवार देर रात सूचना मिली कि टिब्बा रोड पर जवद्दी वालों की कोठी को जाने वाले चौराहे के पास खेतों में दो बाइक सवार कुछ फेंककर गए हैं। जांच में सामने आया कि खेतों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब का कुछ हिस्सा बिखरा हैं। सूचना मिलते ही ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कंवरदीप कौर मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब के प्रधान को साथ लिया और सम्मानजनक तरीके से उस हिस्से को संभाला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।
मंगलवार को पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस युवक सेवा सिंह ने फोन पर पुलिस को सूचना दी थी, दरअसल उसी ने यह हरकत की थी। आरोपी एक पंजाबी अखबार में काम करता है और सबसे पहले खबर देने के चक्कर में उसने यह वारदात कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कंवरदीप कौर ने बताया कि आरोपी सेवा सिंह प्रेम विहार कालोनी में रहता है। बटाला के एक अखबार के लिए काम करता है। अखबार के लिए बने व्हाट्सएप ग्रुप में ज्वाइन करने के बाद सबसे पहले खबर देने के चक्कर में उसने खुद ही बेअदबी कर दी। फिर आरोपी ने सिंह सभा गुरुद्वारा के बदलेव सिंह को सूचना दी कि जवद्दी वालों की कोठी को जाने वाले चौराहे के पास खेतों में दो बाइक सवार कुछ फेंककर गए हैं। जब वहां जाकर देखा गया तो वह श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के सैची साहिब और गुटका साहिब का हिस्सा था। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। सेवा सिंह ने यह भी झूठ बोला कि पवित्र हिस्सा फेंकने वाले दो बाइक सवारों ने पीले रंग के पटके पहने हुए थे। पुलिस ने सेवा सिंह के घर से सैची साहिब और गुटका साहिब का पवित्र हिस्सा भी बरामद कर लिया है।