लुधियाना। कोरोना संक्रमण के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को समय निर्धारित किया था। पूरे पंजाब में लोगों से सुबह 11 से लेकर दोपहर 12 बजे तक लोगों से मौन धारण करने की अपील की गई थी। मुख्यमंत्री की इस अपील का महानगर के लोगों पर असर नहीं दिखाई दिया। दोपहर 12 बजे तक लोगों की आवाजाही जारी रही। ज्यादातर लोगों का यही कहना था कि उन्हें इसकी सूचना नहीं थी। वहीं चौड़ा बाजार में पुलिस और दुकानदारों ने सिर्फ तीन मिनट का मौन रखकर इतिश्री कर दी। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के दौरान मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए सीएम ने अपील की थी कि हर शनिवार सुबह 11 से 12 बजे तक लोग मौन धारण करने के साथ सड़कों पर नहीं उतरेंगे। इसके बावजूद 11 बजते ही शहर की मुख्य सड़कों पर कोई वाहन नहीं रुका। सरकारी बसें भी सामान्य तरीके से चलती दिखीं।