पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच के लिए सीबीआई की टीम मानसा पहुंच गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करने के बाद सीबीआई ने झोटा हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच अपने हाथ में ले ली है। वहीं चंडीगढ़ पीजीआई में विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि चंडीगढ़ में मजिस्ट्रेट द्वारा मामले की जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि एजेंसी ने विशेषज्ञों की एक विशेष टीम बनाई है, जो कल रात मानसा पहुंच गई थी। टीम में ड्रग कंट्रोलर, फोरेंसिक विशेषज्ञ और जीएसटी विशेषज्ञ भी शामिल हैं।
मानसा पहुंचने के बाद सीबीआई की डीएसपी सहित पांच सदस्यों की टीम ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। इस दौरान मानसा पुलिस ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड से संबंधित फाइल सीबीआई को सौंप दी है। अब सीबीआई इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच करेगी।
डीआईजी स्तर के अधिकारी करेंगे मामले की जांच
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच डीआईजी स्तर के अधिकारी की अगुवाई वाली टीम करेगी। हालांकि, मंगलवार रात को डीएसपी स्तर के अगुआई में पांच सदस्यीय टीम मानसा पहुंची और झोटा केस से संबंधित सभी फाइलें व सबूत अपने कब्जे में ली।
सीबीआई की टीम ने मंडी बोर्ड के रेस्ट हाउस में पहले झोटा के पिता व उसके परिजनों को बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया था, लेकिन उसके पिता वहां नहीं पहुंचे। इस पर सीबीआई की टीम उनके बयान दर्ज करने के लिए घर पहुंची। टीम के पहुंचने के बाद घर को अंदर से बंद कर लिया गया और करीब 15 से 20 मिनट तक झोटा के परिवार के साथ बातचीत करने के बाद टीम बिना कुछ बताएं वहां से चली गई।
इन धाराओं के तहत दर्ज है मामला
परमिंदर सिंह झोटा की हत्या से जुड़े इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1), 109, 118(1), 61(2) और 3(5) के अलावा शस्त्र अधिनियम, 1959 की धाराएं 25 और 27 लगाई गई हैं। मूल प्राथमिकी 14 अक्टूबर 2026 को थाना सिटी-2, मानसा में दर्ज की गई थी।
सीबीआई ने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार की अधिसूचनाओं के आधार पर मामले को दोबारा दर्ज किया है। मूल प्राथमिकी की प्रति को भी सीबीआई के मामले का हिस्सा बनाया गया है। चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो की विशेष अपराध शाखा अब मामले में हत्या की परिस्थितियों, आरोपों और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच करेगी।