बठिंडा। क्राउन इंवेस्टमेंट एंड इमीग्रेशन के नाम पर विदेश भेजने का काम करने वाले एक दंपती एवं उनके बेटे के खिलाफ थाना सिविल लाइन पुलिस ने चालीस लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान पति रवि गर्ग, उसकी पत्नी रूबी गर्ग, पुत्र अरुण गर्ग निवासी जीरकपुर के तौर पर हुई हैं। विजय कुमार निवासी गुरु तेग बहादुर (बठिंडा) ने बताया कि रवि गर्ग हनुमान चौक बठिंडा में क्राउन इंवेस्टमेंट एवं इमीग्रेशन नाम की कंपनी चलाकर लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। 2016 में उसने अपने बेटे कमलदीप को विदेश भेजने के लिए उससे संपर्क किया था। इसके बाद उसने और उसकी पत्नी व बेटे ने मिलकर उससे 2019 में 30 लाख रुपये ले लिए थे। हालांकि उसने न तो उसके बेटे कमलदीप को विदेश भेजा न ही पैसे वापस किए, बल्कि राजीनामा के नाम पर दस लाख रुपये और ले लिए। थाना सिविल लाइन के एसआई बेअंत सिंह ने बताया कि विजय कुमार के बयान पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास शुरू कर दिया गया हैं।