थाना सिविल लाइन के सामने स्थित पानी वाली टैंकी पर चढा दंपती।
- फोटो : BATHINDA
अजीत रोड पर स्थित एक दुकान की जगह के विवाद के मामले में पुलिस पर आरोप लगाते हुए एक दंपति बुधवार को सुबह चार बजे पेट्रोल की बोतल लेकर सिविल लाइन थाने के सामने पानी की टंकी पर चढ़ गया। जब पुलिस प्रशासन को पता चला तो पानी की टंकी के इर्द गिर्द भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी। टंकी पर चढे़ दंपती के रिश्तेदारों ने विरोध में टंकी के नीचे धरना लगा दिया। टंकी पर चढे़ मनदीप सिंह ने बताया कि अजीत रोड पर पुश्तैनी दुकान उसके हिस्से आई थी, जिसमें उसकी पत्नी परमजीत कौर बुटीक का काम करती थी। कुछ दिन पहले उनकी दुकान के ताले टूटे मिले। जब उसकी पत्नी दुकान में गई तो वहां उसका भाई सुखदीप सिंह अपने साथियों के साथ बैठा था। जब उसकी पत्नी ने विरोध किया तो इन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की। उसने बताया कि इस बारे में जब उसे पता चला तो वह भी मौके पर पहुंचा। जहां पर उसके भाई के साथ आए लोग सरेआम एक कांग्रेसी नेता का नाम लेकर कहने लगे कि हम इसी तरह से कब्जा करेंगे। मनदीप सिंह ने कहा कि जब उन्होंने पुलिस के पास शिकायत की तो पुलिस ने सुनवाई नहीं की। पुलिस से इंसाफ नहीं मिला तो वह बुधवार को सुबह पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए। उसने मांग की है कि उसकी दुकान से कब्जा छुड़ाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने कोई धक्केशाही की तो वह पेट्रोल से आत्मदाह करने से नहीं हिचकेंगे। इस संबंध में थाना सिविल लाइन के इंस्पेक्टर रमिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप झूठे हैं। मनदीप सिंह जिस दुकान की बात कर रहा है, वह दुकान उसके भाई के नाम पर है। जिसके पूूरे कागजात उनके पास हैं।