- ड्राइवर का आरोप बाइक सवार ने मारपीट कर दस्तार उतार फेंकी
- प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- ड्राइवर और उसके साथियों ने बाइक सवार को पीटा
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। कोचर मार्केट बस स्टैंड के पास मंगलवार दोपहर नगर निगम का ट्रक ड्राइवर और एक राहगीर बाइक सवार की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान ड्राइवर विरसा सिंह ने आरोप लगाया कि बाइक सवार ने मारपीट कर उसकी दस्तार उतार कर फेंक दी। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक ड्राइवर ने अपने दो-तीन साथियों के साथ मिलकर बाइक सवार को पीटा था।
सूचना मिलने के बाद चौकी कोचर मार्केट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि अभी विरसा सिंह की तरफ से शिकायत आई है। मामले की जांच की जा रही है। विरसा सिंह ने बताया कि वह नगर निगम की तहबाजारी शाखा का ट्रक चलाता है। वह मंगलवार को जोन-बी जा रहा था। उसी दौरान बस स्टैंड के पास बाइक सवार ओवरटेक करते समय आगे आ गया। उसे आवाज दी गई तो उसने गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर सवार ने बाइक आगे लगाई और उसके साथ मारपीट करने के लिए आ गया।
इसी दौरान हमलावर ने उसे मारपीट कर उसकी दस्तार उतार कर फेंक दी और फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गलती ड्राइवर की भी थी। जब बाइक चालक निकल रहा था तो उसे रुक जाना चाहिए थे। वह रुका नहीं तो दोनों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान ड्राइवर ने अपने साथियों को बुला कर बाइक सवार को खूब पीटा।