- सुबह वारदात को अंजाम दे आरोपी फरार, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। गांव मंसूरा से मॉडल टाउन मार्केट में आइलेट्स की क्लास लगाने आए छात्र से सुबह हथियारबंद युवकों ने ब्रेजा कार लूट ली। चंद मिनट में लुटेरे वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
छात्र सरविंदर सिंह (19) ने शोर मचाया और वहां मौजूद युवकों ने कार का पीछा करने की कोशिश की। सूचना मिलने के बाद थाना माॅडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सरविंदर से शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
सरविंदर सिंह गांव मंसूरा का रहने वाला है और माॅडल टाउन में पढ़ने आता है। वह शनिवार दो दोस्तों के साथ आया था। एक दोस्त ऊपर क्लास लगाने के लिए चला गया, जबकि दूसरा पार्क में था। वहीं, सरविंदर की क्लास शुरू होने में अभी कुछ समय बाकी था तो वह कार में ही बैठा रहा।
इस दौरान पैदल ही तीन युवक आए और उन्होंने सरविंदर सिंह पर तेजधार हथियार तान दिया और उसे गाड़ी से बाहर निलने के लिए कहा। आरोपियों ने सरविंदर को धमकी दी कि वह शोर मचाएगा तो मार डालेंगे। एसीपी सिविल लाइन जसरूप कौर बाठ ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।