लुधियाना। थाना दरेसी से शनिवार को फरार हुए चोरी के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी राहों रोड के मोहल्ला बलदेव नगर निवासी वीनू उर्फ मोनू से से पूछताछ करने में जुटी है। एडीसीपी वन डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि पुलिस पार्टी ने आरोपी वीनू को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। थाना दरेसी पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर कोरोना जांच करवाई गई थी। इस पर उसे थाने में ही रखा गया था। आरोपी शनिवार को बाथरूम जाने का बहाना बनाकर थाने से फरार हो गया था। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी मोनू को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि वह थाने से फरार होने के बाद कहां गया था और किसके संरक्षण में था।