पेशी के दौरान पहुंचे सिद्धू के पिता बोले केस में चार्ज फ्रेम होने की थी उम्मीद
पेशी के दौरान आरोपियों ने किया मौन धारण
संवाद न्यूज एजेंसी
मानसा। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में वीरवार को मानसा कोर्ट में सुनवाई के लिए इस केस में नामजद आरोपियों में से जग्गू भगवानपुरिया को छोड़कर सभी को वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश किया गया। इस मामले की अगली सुनवाई अब 02 नवंबर को होगी।
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी इस मामले में आरोपियों की पेशी पर पहुंचे हुए थे। बताया जा रहा है कि वीसी के द्वारा पेशी के दौरान पेश किए गए आरोपियों ने मौन धारण किया हुआ था और उन्होंने कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। इस दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता ने अदालत से अपील की कि वे इस उम्मीद को लेकर पहुंचे थे कि आज आरोपियों के खिलाफ चार्ज फ्रेम हो जाएंगे, लेकिन सुनवाई के दौरान उनकी चुप्पी से यह साबित हो रहा था कि वे सिस्टम से बड़े लग रहे हैं और सिस्टम में उनकी चलती है। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई कि कहीं वे अपने बेटे के इंसाफ का इंतजार करते करते इस जहान से न चले जाएं। इसके बाद बलकौर सिंह एसएसपी मानसा से भी मिले, इस दौरान उनकी ओर से इस मामले में तेजी लाने का आश्वासन दिया गया।
बता दें कि पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा के गांव जवाहरके में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेवारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। पुलिस इस हत्याकांड में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है जिनमें कई शॉर्प शूटर हैं। चार्जशीट में कुछ ऐसे नाम भी हैं, जो विदेश में बैठकर पूरा नेटवर्क चलाते हैं। इसके अलावा दो आरोपी जगरूप सिंह रूपा व मनप्रीत एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। पुलिस ने इस कत्ल केस के लिए 1850 पन्ने की चार्जशीट अदालत में दायर की हुई है।