मुक्तसर। दहेज प्रताड़ना के आरोप में थाना सिटी पुलिस ने एक एमबीबीएस डाक्टर पर मामला दर्ज किया है। डाक्टर अपनी पत्नी पर मायके से फोर्ड आइकन लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी न होने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। थाना सिटी पुलिस को दी गई शिकायत में बुद्ध विहार कालोनी की बीएएमएस डॉ. मीनाक्षी ने बताया है कि उसका विवाह जालंधर के चीमा नगर निवासी डॉ. सुखविंदर सिंह के साथ 24 जून 2001 को हुआ था। डॉ. सुखविंदर तहसील फिल्लौर के सब्सिड्री हेल्थ सेंटर लसाड़ा के इंचार्ज हैं। विवाह के समय मायके वालों ने मारुति 800 और जेवर आदि दिए थे। कुछ समय बाद ही डॉ. सुखविंदर ने उसे मायके से फोर्ड आइकन कार लेकर आने की मांग की। जब उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की जाने लगी। डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले डॉ. सुखविंदर ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। उस समय से वह अपने बच्चों सहित मुक्तसर में अपने माता-पिता के पास ही रह रही है। डॉ. सुखविंदर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर डॉ. मीनाक्षी ने 7 जून को एसएसपी सुरजीत सिंह से इंसाफ की गुहार लगाई थी। एसएसपी ने इस मामले की जांच के लिए एसपी (एच) एनपीएस सिद्धू की ड्यूटी लगाई थी। मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने बताया कि डॉ. सुखविंदर के खिलाफ धारा 498 ए व 506 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं लॉर्ड बुद्धा चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन जगदीश राय ढ़ोसीवाल ने इस मामले में आरोपी डाक्टर को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग उठाई है।