दिल्ली ने ओडिशा को 2-1 से दी मात
पंजाब फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से गुरु नानक स्टेडियम में फुटबॉल मैच आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के निर्देश में पंजाब फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से गुरु नानक स्टेडियम में 73वीं नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप फॉर संतोष ट्रॉफी के मैच करवाए जा रहें है। मंगलवार को दिल्ली और ओडिशा के बीच मैच खेला गया। दिल्ली और ओडिशा के बीच हुए मुकाबले में दिल्ली की टीम 2-1 से विजेता रही। पहले हाफ में ओडिशा टीम के चंद्रा ने 10वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। वहीं दिल्ली टीम के आयुश अधिकारी ने 25वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई और मैच बराबरी पर लाकर खड़ा किया। इसके बाद दूसरे हाफ में दोनों टीमों की ओर से गोल करने के प्रयास किए गए। जिसमें दिल्ली टीम के आयुश अधिकारी ने 66वें मिनट में गोल कर टीम को जीत दिलाई। इस दौरान दिल्ली टीम के शैलेश कुमार मोर्या को 69वें और आयुश को 78वें में येलो कार्ड मिला। जबकि ओडिशा टीम के अर्जुन नायक को 15वें, अरबिन लाकरा को 45वें और डी-श्रीनाथ को 65वें मिनट में येलो कार्ड मिला।