सिद्धू-खैरा के हक में उतरे पंजाबी मां बोली जत्थेबंदी के अध्यक्ष
बठिंडा। पुलवामा हमले के बाद कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और सुखपाल सिंह खैरा के बयान को रविवार को पंजाबी मां बोली सतिकार जत्थेबंदी के अध्यक्ष लक्खा सिधाना ने समर्थन किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सिद्धू और खैरा ने जो पाकिस्तान के साथ बैठकर बातचीत करने संबंधी बयान दिया है, उसको वह समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर दोनों देशों में जंग होती है तो उसका नुकसान भारत और पाकिस्तान को ही होगा। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद जिस तरह से पंजाब और अन्य राज्यों में कश्मीरी छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है, उससे एक दूसरे के प्रति नफरत और बढे़गी। सिधाना ने कहा कि कश्मीर के लोग भी तो भारतीय है। पाकिस्तान तो चाहता है कि भारत को टुकड़ों में बांटा जाए। लक्खा ने कहा कि जंग छेड़ना मात्र एक हल नहीं है। अगर दोनों देशों में शांति बनाए रखना है तो बैठकर बातचीत के जरिए सभी मामलों को हल करना चाहिए। लक्खा ने कहा कि आतंकवाद का न कोई धर्म और न कोई जात है।