स्वाइन फ्लू से मानसा के युवक की मौत
मानसा। स्वाइन फ्लू से सोमवार सुबह मानसा वासी युवक मनप्रीत सिंह की बठिंडा के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। इसके साथ ही शहर में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। यह नौजवान जिला मानसा के गांव सहारना से संबंधित था और कुछ दिन पहले ही वह इस बीमारी से पीड़ित हुआ। सेहत विभाग के जिला एपोडिमोलोजिस्ट का कहना है कि मृतक के बाकी पारिवारिक सदस्यों को इसकी मुफ्त दवा दी जा रही है। अस्पताल की ओर से 35 संदिग्ध मरीजों को भी दवा दी जा रही है। सिविल सर्जन डॉ. लाल चंद ठुकराल का कहना है कि पंजाब सरकार के आदेश पर विभाग की ओर से इसके लिए खास तौर पर चौकसी बरती जा रही है। लोगों को इससे बचाव के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंफलेट भी बांटे जा रहे हैं ताकि इसके प्रति लोग आसानी से समझ सकें।