गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से आज निकेलगा विशाल नगर कीर्तन
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। दशम पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोराबर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित वार्षिक शहीदी सभा का शुक्रवार को अंतिम दिन है। जहां गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में सुबह आठ बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ती की अरदास होगी और गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से सुबह 9 बजे विशाल नगर कीर्तन रवाना होगा जिसमें लाखों की तदाद में संगत शामिल होगी। जानकारी देते हुए गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब के मैनेजर अमरजीत सिंह ने बताया कि आज 12 पोष 28 दिसंबर को महान शहीद बाबा जोराबर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की याद में विशाल नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब के लिए सुबह 9 बजे रवाना होगा। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल के कुल नेतृत्व में पिछले 15 दिनों से प्रबंध किए जा रहे हैं और सुबह के महान नगर कीर्तन में लाखों की तदाद में संगत देश-विदेश से नतमस्तक होने के लिए पहुंचेगी और अंतिम अरदास गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में संपन्न होगी। इसके अलावा एसजीपीसी की ओर से दीवान टोडर मल हाल में रागी, ढाडी, धर्म प्रचार तथा कीर्तन दरबार करवाया गया है। हमारा रोम-रोम संगत का कर्जाई है जिन्होंने पावन धरती पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंची है।