झंडे वाली कुश्ती में नारंगवाल का जश्न विजेता
लुधियाना।
पीर बाबा मेहर शाह स्पोर्ट्स क्लब की ओर से शुक्रवार देर शाम 25वें सालाना कुश्ती मुकाबले करवाए गए। इस दौरान सिविल अस्पताल के सामने पुडा ग्राउंड में बने अखाडे़ में उतरे 30 पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। पंजाब भर से (नारंगवाल, फलौर, साहनेवाल, जगरांव, खन्ना आदि) नामी पहलवान अपना दमखम आजमाने पहुंचे। झंडे वाली कुश्ती में नारंगवाल के पहलवान जश्न ने रमन को हराकर पहला इनाम हासिल किया। वहीं ओपन चैलेंज कुश्ती में पहलवान सोमनाथ ने लड्डू पहलवान, ईस्सर ने रवि को, ओंकार ने बब्बू को और पवन ने बच्चू को पराजित किया। इन कुश्ती मुकाबलों का आयोजन क्लब के चेयरमैन बिशन सिंह और प्रधान रमेश कंडियारे की देखरेख में किया गया। इस दौरान पार्षद गुरदीप सिंह नीटू, मानिक डाबर, सफाई कर्मचारी वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन राज कुमार बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे और विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान विजेताओं को नगद इनाम, सम्मान चिन्ह और सिरोपा भेंट किया गया।