तहसील स्तरीय कर्ज माफी समारोह में कांग्रेस की गुटबंदी
हाईकमान ने चेक बांटने की मेरी ड्यूटी लगाई है और निम्मा हलका इंचार्ज नहीं: बीबी वालिया
बीबी वालिया झूठ बोल रही है, उसकी किसी ने डियूटी नही लगाई: निम्मा
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। तपा की तहसील में आयोजित तहसील स्तरीय कर्ज माफी समारोह में कांग्रेस की गुटबंदी देखने को मिली। वहीं कार्यक्रम में अपने आप को पार्टी हाईकमान की ओर से हलके का सेवादार कहने वाले पूर्व विधायक निर्मल सिंह निम्मा व उनके साथियों ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। सीनियर कांग्रेस नेता बीबी सुरिंदर कौर वालिया ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पार्टी हाईकमान का आदेश था। निर्मल सिंह निम्मा की ओर से खुद को हलके का सेवादार बताए जाने पर किए सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी तक पार्टी की तरफ से किसी को हलके का इंचार्ज नहीं लगाया गया। पार्टी का आदेश सबसे ऊपर है, वह तो पार्टी के साथ खड़ी हैं, पार्टी की वफादार सिपाही हैं। सरकार द्वारा किए गए कार्यक्रम में न आने पर जब निम्मा से बात की तो उन्होंने कहा कि उनको समारोह में आने का निमंत्रण नहीं मिला। वह पार्टी के प्रचार के लिए गांव गए थे। जब उनसे पूछा गया कि बीबी वालिया ने कहा कि वह हाईकमान के आदेश से आईं हैं तो निम्मा ने कहा वह झूठ बोल रही हैं। वह मुझे हलके का इंचार्ज लगाए जाने पर जनता को गुमराह कर रही है। जल्द ही सच सबके सामने होगा। इस गुटबंदी को लेकर हलके के कांग्रेसी असमंजस में हैं, लेकिन कांग्रेस वर्कर चुप बैठने में भलाई समझ रहे हैं। दोनों नेताओं में खींचतान शिखरों पर पहुंच गई है।