पटियाला। पटियाला में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों में कुल 44.3 प्रतिशत मतदान हुआ। रविवार को सुबह 8 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक 941 पोलिंग स्टेशनों पर बनाए गए 1341 पोलिंग बूथों पर यह मतदान हुआ। डिप्टी कमिश्नर और जिला चुनाव अधिकारी डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई और देर शाम तक मतदान समाप्त हो गया। इसके बाद चुनावी स्टाफ ने बैलेट बॉक्स को सील कर स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया। मतदान प्रतिशत की बात करें तो पटियाला ब्लॉक में 40%, पटियाला ग्रामीण ब्लॉक में 45.7%, सनौर ब्लॉक में 34%, भुनरहेड़ी ब्लॉक में 44%, नाभा ब्लॉक में 44%, समाना ब्लॉक में 48.2%, पातड़ां ब्लॉक में 38%, राजपुरा ब्लॉक में 56.54%, घनौर ब्लॉक में 46.4% और शंभू कलां ब्लॉक में 47.10% मतदान हुआ। डॉ. यादव ने बताया कि इन चुनावों में कुल 8,88,610 वोटर थे, जिनमें 4,67,774 पुरुष, 4,20,822 महिलाएं और 14 थर्ड जेंडर वोटर शामिल थे। वोटों की गिनती 17 दिसंबर को होगी, और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। ब्यूरो