‘मोदी की कोठी पर धरना देने की अकालियों में हिम्मत नहीं’
पेट्रोल-डीजल के मुद्दे पर कांग्रेस के जनरल सचिव ने बोला हमला
कहा-अगर ऐसा किया तो हरसिमरत बादल की जा सकती है कुर्सी
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। अकाली दल में हिम्मत नहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोठी के आगे तेल के बढ़ते दाम के संबंध धरना दे सकें। यह बात वीरवार को एक लिखित बयान में पंजाब प्रदेश कांग्रेस के जनरल सचिव कृष्ण कुमार बावा ने कही। बावा ने कहा कि अगर अकाली दल के नेता भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ अपनी जुबान खोलेंगे या धरना देंगे तो अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल की कुर्सी को खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए डीसी दफ्तर में घुसकर, टेबल पर बैठकर, फोटो खिंचवाकर चलते बने। जबकि कि इस तरह का प्रदर्शन निंदनीय है और प्रशासन की गलती दिखाई देती है, जिस बारे वह चीफ सेक्रेटरी पंजाब के ध्यान में लाएंगेे। बावा ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और गैस के रेटों में बढ़ोतरी केंद्र सरकार कर रही है। धरना पंजाब सरकार के खिलाफ दिया जा रहा है। जो तेल पर टैक्स स्टेट गवर्नमेंट लेती है, वह तो बादल सरकार के समय से चलता आ रहा है। क्या अकाली दल ऐसा करके पंजाब के लोगों के साथ धोखा नहीं कर रहा। जबकि इस धोखे का निष्कर्ष शाहकोट चुनाव में ताजा ताजा भुगत चुके हैं। उन्होंने कहा कि अकाली दल का रिश्ता पंजाब के लोगों की अपेक्षा टूट चुका है। बावा ने पंजाब में आनलाइन रजिस्ट्रियों की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को बधाई दी।