लाखों रुपये सिक्योरिटी जमा कराने के आदेश सहन नहीं करेंगे : कांसल
रात को उद्योग चलाने पर अतिरिक्त चार्ज करने के विरोध में उतरे उद्योगपति
उद्योगपतियों ने एसई को सौंपा मांग पत्र
शाम 6 से रात 10 बजे तक इंडस्ट्री चलाने पर अतिरिक्त देने होंगे दो रुपये प्रति यूनिट
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला(संगरूर)। पंजाब सरकार और पावरकॉम की ओर से उद्योगों पर शाम 6 बजे से लेकर रात के 10 बजे तक (पीक हॉवर्स) बिजली खपत करने पर दो रुपये प्रति यूनिट अतिरिक्त चार्ज करने के फैसले का जिला इंडस्ट्री चैंबर ने कड़ा विरोध किया है। इंडस्ट्री चैंबर के जिलाध्यक्ष घनश्याम कांसल की अगुवाई में उद्योगपतियों ने पावरकॉम के एसई (निगरान इंजीनियर) बसंत जिंदल को बाकायदा मांग पत्र सौंपकर इस फैसलेको वापिस लेने की मांग की है। इसके अलावा पावरकाम की ओर से उद्योगपतियों को नए सिरे से लाखों रुपये सिक्योरिटी के तौर पर जमां कराने का फरमान जारी किया जा रहा है। जो उद्योगपतियों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उद्योगपति इस फैसले का कड़ा विरोध करते हैं। जिलाध्यक्ष घनश्याम कांसल ने कहा कि पंजाब के उद्योग पहले से ही मंदी के दौर से गुजर रहे हैं। पड़ोसी राज्यों में स्थापित उद्योगों को भारी छूट मिली हुई है और इसी कारण पंजाब के उद्योगपतियों को भारी चुनौतियां मिल रही हैं। कांसल ने कहा कि कैप्टन सरकार ने पहले फैसला किया था कि रात को इंडस्ट्री चलाने वाले उद्योगपतियों को बिजली दरों में छूट दी जाएगी और यह छूट पिछले वर्ष भी दी गई थी। लेकिन अब सरकार ने फैसले को वापस ले लिया है। एक तरफ सरकार, उद्योगों को बढ़ावा देने की बात कर रही है और दूसरी तरफ उद्योगों को राहत देने की बजाय पहले से मिल रही राहत भी छीनी जा रही है। इसके अलावा नए आर्थिक बोझ डाले जा रहे हैं। कांसल ने कहा कि अगर सरकार ने उनकी इस मांग को तुरंत स्वीकार नहीं किया तो राज्य के उद्योगपति को साथ लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, बिजली मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ के सामने ये मुद्दे उठाए जाएंगे। एसई बसंत जिंदल ने कहा कि उद्योगपतियों की उक्त मांगें पावरकाम के चेयरमैन के सामने रखी जाएंगी। ताकि इनका उचित ढंग से समाधान करवाया जा सके। इस मौके पर जिला महासचिव संजीव चोपड़ा, कोषाध्यक्ष एमपी सिंह, पूर्व अध्यक्ष बलविंदर जिंदल, सुरेश कुमार नप्पी, अनिल लौंगोवालिया, प्रो. विजय मोहन आदि हाजिर थे।
----------------------
फोटो:27एसजीआरपी01: पावरकाम के एसई बसंत जिंदल को मांग पत्र सौंपते इंडस्ट्रीचैंबर के जिला टीम।
---------------------