बठिंडा। अपना मान भत्ता बढ़ाने को लेकर सूबा सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी वर्करों ने वीरवार को वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। पुलिस की सुरक्षा कड़ी होने कारण वर्कर कार्यालय का घेराव करने में असफल रहीं तो उन्होंने बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन नेता वीरपाल कौर का कहना था कि सरकार वर्करों का मान भत्ता जानबूझकर नहीं बढ़ा रही, इससे वर्करों को अपने घर का खर्चा चलाने में मुश्किलें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वर्करों के साथ वादा कर मुकर चुकी है जिसके चलते सभी आंगनबाड़ी वर्कर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का विरोध करेंगे। बस स्टैंड पर जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और जाम हटवाने के लिए वित्त मंत्री कार्यालय प्रभारी को बुलाया। उन्होंने मौके पर पहुंच वर्करों का मांग पत्र हासिल किया। मांग पत्र देने के बाद वर्करों ने जाम हटा दिया। आंगनबाड़ी वर्करों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांग को सरकार ने अनसुना किया तो आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ बडे़ स्तर पर रोष प्रदर्शन करेंगे।