संगरूर में 280 बैंक शाखाएं रहीं बंद
संगरूर। आल इंडिया बैंक आफिसर कनफेडरेशन और युनाइटेड फोरम आप बैंक यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार को सभी सरकारी बैंकों के मुलाजिमों ने हड़ताल की। हड़ताल से 1.85 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। बड़ा चौक स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा के समक्ष एआईबीओसी के जिला सचिव दविंदर गुप्ता के नेतृत्व में मुलाजिमों ने रोष रैली करके नारेबाजी की। जिला संगरूर की 280 के करीब बैंक शाखाएं बंद रहीं। यूनियन नेताओं ने कहा किबैंक आफ बड़ौदा, देना बैंक और विजया बैंक को मर्ज करने की योजना बनाई जा रही है। इससे पहले भी कई बैंकों को मर्ज किया जा चुका है। निजी बैंकों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार इस प्रकार की नीतियां बना रही हैं। उन्होंने कहा कि अब बैंक मुलाजिम को एक से तीन स्केल का वेतन मुहैया करवाया जा रहा है जबकि उन्हें चार से सात स्केल तक वेतन मिलना चाहिए।