मर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
डाक विभाग दीन दयाल स्पर्श योजना के नाम से एक छात्रवृत्ति योजना शुरू करने जा रहा है। इस योजना के तहत कक्षा छह से नौ तक के मेधावी छात्रों को वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान करने का प्रस्ताव है। यह जानकारी सीनियर सुपरिंटेंडेंट पोस्ट ऑफिस सिटी डिवीजन डा. अमन प्रीत और सीनियर पोस्ट मास्टर लुधियाना एसपी पाहवा ने दी। पंजाब डाक परिमंडल कक्षा छह, सात और आठ के 10-10 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। छात्रवृत्ति की राशि 500 रुपये प्रति माह की दर से 6000 रुपये प्रति वर्ष होगी। छात्र मान्यता प्राप्त विद्यालय का विद्यार्थी होना चाहिए। छात्र के पास संबंधित विद्यालय के क्लब की सदस्यता होनी चाहिए। उसका अपना जमा खाता होना चाहिए। सभी इच्छुक छात्र अपनी एप्लीकेशन को डिविजन ऑफिस (मंडलाध्यक्ष) में 15 दिसंबर तक जमा करा सकते हैं। छात्रवृत्ति योजना का विस्तृत विवरण व एप्लीकेशन फार्म भारतीय डाक की वेबसाइट पर मिलेगा।