अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना।
कुंदन विद्या मंदिर सिविल लाइन में रीना-सिम्मी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य नवितापुरी की अध्यक्षता में हुई प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने हिंदी और अंग्रेजी में भाषण दिए। निर्णायक मंडल की भूमिका के लिए हिंदी संभाषण प्रतिभा आंकलन के लिए मालवा कॉलेज ऑफ एजुकेशन से डा. नरोत्मा शर्मा, आर्य कालेज ऑफ एजुकेशन से तजिंदर भाटिया, अंग्रेजी संभाषण के लिए आर्य कॉलेज ऑफ एजुकेशन से डा. दीपिका धीर, मालवा कॉलेज ऑफ एजुकेशन से डा. रेखा उपस्थित रहीं। भाषण में स्वस्थ तन-मन के बिना जीवन बोझ, आस्था के नाम पर हिंसा कहा का न्याय, देश की धरोहर पर है सब का अधिकार विषयों पर विद्यार्थियों ने भाषण दिया। प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। अंग्रेजी के परिणाम में सतपाल मित्तल स्कूल की महक बख्शी पहले, सेक्रेट हार्ट कान्वेंट स्कूल सराभा नगर की सेहर भल्ला दूसरे और बीसीएम शास्त्री नगर की दीप्ति तीसरे स्थान पर रही। जीआरडी अकादमी की गुरलीन कौर को प्रशंसा पुरस्कार दिया गया। हिंदी प्रतियोगिता में केवीएम सिविल लाइन की छवि सूद पहले, डीएवी बीआरएस नगर की विशाली जैन दूसरे और बीसीएम शास्त्री नगर की आरजू तीसरे स्थान पर रही।