बिना मंजूरी लगाए राजनीतिक होर्डिंग, तीन पर केस दर्ज
पीएम की फोटो लगा सामान बेच रही गाड़ी जब्त, चालक फरार
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बिना मंजूरी लिए अवैध राजनीतिक होर्डिंग लगाने के तीन विभिन्न मामलों में मामला दर्ज किया गया है। एक मामले में पुलिस ने एक व्हीकल को जब्त किया है, जबकि उसका चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फ्लाइंग स्क्वायड टीम नंबर 5 इंचार्ज पंकज कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि चेत नगर में किसी व्यक्ति ने बिना मंजूरी कांग्रेस पार्टी के पोस्टर लगा दिए। मौके पर शिकायत को सही पाया गया। वहीं फ्लाइंग स्क्वायड टीम नंबर 7 इंचार्ज भोजल कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि चेत नगर में किसी ने बिना मंजूरी लोक इंसाफ पार्टी के पोस्टर लगा दिए हैं। थाना डिविजन नंबर 6 पुलिस ने दोनों मामलों में जनप्रतिनिधित्व एक्ट 1951 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं अन्य मामले में नगर निगम जोन सी सुपरिंटेंडेंट रोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि तीन मई एक गाड़ी को काबू किया, इसका चालक प्रधानमंत्री की फोटो लगी कुछ चीजें बेच रहा था। पुलिस पार्टी को मौके पर देख चालक मौके पर अपना वाहन छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।