चुनाव में ही चेहरा दिखाते हैं ढिल्लों : आप विधायक
बरनाला। गांव वजीदके कलां में भगवंत मान के हक में हलका महिलकलां से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने चुनाव प्रचार करते कहा कि लोकसभा हलका संगरूर से कांग्रेस के उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों सिर्फ चुनाव के समय लोगों को चेहरा दिखाते हैं। अब ढिल्लों का सारा परिवार, उनके दोनों बेटे करन ढिल्लों, कंवर ढिल्लों व ढिल्लों की पत्नी मनजीत कौर ढिल्लों वोट मांगने के लिए चुनाव प्रचार में उतरे हुए हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पक्के तौर पर अपनी पक्की रिहायश चंडीगढ़ चले जाते हैं, वहां फिर किसी को घुसने नहीं देते। ऐसा ही हाल अकाली दल के नेताओं का है। ये लोग चुनाव के बाद जनता को चेहरा नहीं दिखाते। जबकि आप के उम्मीदवार भगवंत मान ने चुनाव जीतने के बाद पार्लियामेंट में हर वर्ग के लोगों की आवाज को बुलंद किया। लोगों के बीच रहे। इससे पहले किसी भी सांसद ने लोकसभा हलका संगरूर के लोगों की आवाज को न तो कभी पार्लियामेंट में उठाया न कभी विकास कार्य पर कोई ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि भगवंत मान आप लोगों के बीच में से बने नेता है, वह गरीब, दलितों, मुलाजिमों, व्यापारियों, किसानों के मसले भलीभांति जानते हैं और उनकी आवाज संसद में उठाते हैं।