कुशलक्षेम पूछने का सियासी मतलब नहीं निकाला जाए : ढींडसा
सांसद ढींडसा ने बीमार हुए सांसद भगवंत मान का हालचाल पूछा
सोशल मीडिया पर दोनों सांसदों के मिलने की तस्वीरें हो रहीं वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
सुनाम ऊधम सिंह वाला (संगरूर)। अकाली दल के महासचिव व सांसद सुखदेव सिंह ढींडसा ने आम आदमी पार्टी के बीमार चल रहे सांसद भगवंत मान का दिल्ली में हाल चाल जाना और सांसद मान के जल्द ठीक होने की कामना की। बातचीत में सांसद ढींडसा ने कहा कि उन्होंने निजी तौर पर हमेशा ही लोकतांत्रिक मर्यादा व विचारधारा का खुलेदिल से पालन किया है। सियासी मतभेद भले ही कितने हों लेकिन इंसानियत को अपने मन के भीतर हमेशा जिंदा रखा है। उनकी पार्टी शिरोमणि अकाली दल भी हमेशा लोकतांत्रिक विचारधारा की पहरेदार बनकर खड़ी रहती है। सांसद ढींडसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ उनकी विचारधारा भले ही एक समान नहीं है, लेकिन पार्टी नेताओं के साथ उनकी कोई निजी दुश्मनी नहीं है। निजी जिंदगी में अगर किसी भी विरोधी दल के नेता को कोई दुख तकलीफ होती है तो उसके दुखदर्द में अकाली दल और निजी तौर वे खुद उसके साथ खडे़ रहेंगे। उन्होंने कहा कि सांसद भगवंत मान का हाल पूछने का कोई सियासी मतलब न निकाला जाए। बता दें कि सोशल मीडिया पर दोनों सांसदों के मिलने की तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं और सियासी हलकों में इसके अलग अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
फोटो:03एसजीआरपी01: दिल्ली के अस्पताल में उपचाराधीन सांसद मान का हाल पूछते सांसद ढींडसा।